दिव्या न्यूज़ 18:-पूर्वांचल का छठ महापर्व 13 से शुरू होने जा रहा है। इस दौरान रायपुर से बड़ी संख्या में पूर्वांचलवासी अपने घर लौटते हैं। ट्रेनों में भीड़ को ध्यान में रखते हुए एसईसीआर की ओर से चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही है, जिनमें से तीन जोड़ी ट्रेनें रायपुर से होकर चलेंगी। त्योहारी सीजन के दौरान छत्तीसगढ़ से हर साल हजारों की संख्या में प्रवासी मजदूर, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग अपने घर की ओर रुख करते हैं। इस भीड़ को संभालने और यात्रियों को सुगम यात्रा देने के लिए रेलवे प्रशासन हर साल विशेष (टीओडी) ट्रेनें चलाता है। हालांकि इसके बावजूद ट्रेनों में कंफर्म टिकट पाने के लिए लंबी मारामारी देखने को मिलती है। यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और कन्फर्म बर्थ के साथ आरामदायक यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराने के लिए रेलवे द्वारा विभिन्न गंतव्यों के लिए विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है।
इन तिथियों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
बिलासपुर–छपरा स्पेशल (गाड़ी संख्या 08255): यह ट्रेन 14 एवं 21 नवंबर 2026 को बिलासपुर से छपरा के लिए रवाना होगी।
दुर्ग–हजरत निजामुद्दीन स्पेशल (गाड़ी संख्या 08751): यह ट्रेन 15 नवंबर 2026 को दुर्ग से हजरत निजामुद्दीन के लिए प्रस्थान करेगी।
दुर्ग–बरौनी स्पेशल (गाड़ी संख्या 08755): यह विशेष ट्रेन 11 एवं 18 नवंबर 2026 को दुर्ग से बरौनी के बीच चलाई जाएगी।
गोंदिया–पटना स्पेशल (गाड़ी संख्या 08895): यह गाड़ी 13 एवं 20 नवंबर 2026 को गोंदिया से पटना के लिए रवाना होगी।
यात्रियों के लिए विशेष अपील और सहायता
त्योहारी सीजन के दौरान अतिरिक्त ट्रेनों के चलने से यात्रियों को कन्फर्म सीटें मिलने में काफी सहूलियत होगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा करने से पहले ट्रेनों के परिचालन समय, ठहराव (स्टापेज) और सीटों की उपलब्धता से जुड़ी विस्तृत जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस अथवा रेल वन मोबाइल एप के माध्यम से अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

