दिव्या न्यूज़ 18:-जगदलपुर। जंगल के बीच करनपुर का कोबरा कैंप रविवार को बस्तर की लोकधुन से गूंज उठा। घरों से दूर तैनात जवानों की दीपावली इस बार विशेष थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके बीच पहुंचे।बलिदानी जवानों के स्मारक पर श्रद्धांजलि देने के बाद उन्होंने जवानों को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। ‘येड़े बस्तर मोचो काय सुंदर माटी’ की धुन बजते ही महिला जवान पारंपरिक नृत्य करने लगीं।तालियों की गूंज के बीच पीएण मोदी भी झूम उठे। कुछ देर के लिए सैन्य कैंप बस्तर की लोकसंस्कृति के रंग में डूब गया। वर्दी में सजे जवानों के चेहरों पर त्योहार की खुशी साफ झलक रही थी। यह उत्सव बस्तर के बदलते दौर की तस्वीर भी था।लंबे समय तक माओवादी हिंसा झेलने वाले इस क्षेत्र में शांति के नए माहौल के बीच प्रधानमंत्री ने इसे खास दीपावली बताया। उन्होंने कहा कि देश के हर जिले से माओवादी हिंसा का अंत होने के बाद यह पहली दीपावली है।
मोदी के 6 दौरेः बंदूक के साये से विकास की राह तक बस्तर
माओवादी हिंसा के अंत के बाद बस्तर में यह पहली दीपावली थी, जब गांवों से लेकर कस्बों तक लोगों ने भयमुक्त माहौल में रोशनी का पर्व मनाया। इस बदली हुई तस्वीर का एक बड़ा संदेश करनपुर के सीआरपीएफ कैंप से भी सामने आया, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बस्तर के मोर्चे पर तैनात जवानों के बीच दीपावली मनाने पहुंचे।
बस्तर में यह बदलाव करीब चार दशक के संघर्ष के बाद आया है
कभी गोलियों की गूंज और बारूदी सुरंगों के खौफ से पहचाने जाने वाले बस्तर में यह बदलाव करीब चार दशक के संघर्ष के बाद आया है। इस दौरान आम नागरिकों ने अपनों को खोया, सुरक्षा बलों के जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया और विकास की राह बार-बार बाधित हुई।माओवाद के खात्मे को राष्ट्रीय लक्ष्य बनाकर केंद्र सरकार ने 31 मार्च 2026 की समय सीमा तय की। इसे हासिल करने में केंद्र और राज्य सरकार की साझा रणनीति, केंद्रीय सुरक्षा बलों और छत्तीसगढ़ पुलिस के समन्वित अभियान तथा स्थानीय स्तर पर सुरक्षा और विकास की पहुंच बढ़ाने के प्रयासों की अहम भूमिका रही।
मोदी के छह पड़ावों में बदलता बस्तर का एजेंडा
7 नवंबर 2013 जगदलपुरः संसाधनों से समृद्धि की उम्मीद प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में मोदी ने बस्तर की प्राकृतिक संपदा और विकास की संभावनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने 2013 से 2018 तक के पांच वर्षों को छत्तीसगढ़ के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
9 मई 2015 दंतेवाड़ाः बंदूक छोड़ हल थामने का संदेश प्रधानमंत्री बनने के बाद जावंगा एजुकेशन सिटी में बच्चों से संवाद किया। युवाओं से हिंसा छोड़कर शिक्षा, खेती और विकास से जुड़ने की अपील की।
14 अप्रैल 2018 जांगलाः गांवों तक सुविधाओं का विस्तार बीजापुर के जांगला में आयुष्मान भारत की शुरुआत के साथ स्वास्थ्य सेवाओं, बैंकिंग और डिजिटल कनेक्टिविटी पर जोर दिया। लक्ष्य अंदरूनी गांवों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ना था।

