दिव्या न्यूज़ :-शनिवार की सुबह पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के संकल्प को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं नगर निगम कोरबा की ओर से 18 जुलाई 2026 शनिवार को सुबह 7 बजे “रन फॉर ग्रीन” मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ओपन थिएटर, घंटाघर कोरबा से हुआ
।एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत आयोजित इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना, अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना और स्वच्छ एवं हरित कोरबा के निर्माण में जनसहभागिता सुनिश्चित करना था। मैराथन के समापन के बाद सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान में भी हिस्सा लिया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जिले के नागरिक, युवा, विद्यार्थी, सामाजिक संगठन, खेल प्रेमी और स्कूली बच्चे शामिल हुए। सभी प्रतिभागी हरी टी-शर्ट में नजर आए, जिससे पूरा ओपन थिएटर मैदान हरियाली से सराबोर हो गया। मैराथन शुरू होने से पहले डॉक्टर भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में स्कूली बच्चों ने शानदार जुंबा डांस प्रस्तुत कर माहौल को ऊर्जावान बना दिया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, वाणिज्य कर एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह और नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर उपस्थित रहे।इस आयोजन का विशेष आकर्षण भारतीय महिला फुटबॉल टीम की खिलाड़ी और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ की विजेता टीम की कप्तान सुश्री किरण पिस्दा रहीं। उन्होंने धावकों का उत्साहवर्धन किया और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।
मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को 50 हजार रुपये से अधिक राशि के नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रशासन ने कहा कि इस तरह के आयोजन से युवाओं में खेल के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी।

