दिव्या न्यूज़ :-कोरबा: छुरी स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रों का आंदोलन तीसरी बार सड़क पर पहुंच गया है। विद्यालय की समस्याओं और प्रिंसिपल व छात्रावास अधीक्षिका को हटाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर उतर आए और छुरी पंचायत के सामने चक्काजाम कर दिया।इस बार छात्र अपनी मांगों के साथ एकलव्य विद्यालय समिति के अध्यक्ष कलेक्टर को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़े हुए हैं। छात्रों का कहना है कि जब तक कलेक्टर स्वयं आकर उनकी समस्याएं नहीं सुनते, वे सड़क से नहीं हटेंगे।
एकलव्य विद्यालय समिति के कलेक्टर अध्यक्ष होते हैं। यही वजह है कि छात्र अब सीधे समिति के अध्यक्ष से अपनी शिकायत रखने की मांग कर रहे हैं।चक्काजाम के कारण मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सहायक आयुक्त, अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर और थाना प्रभारी समेत अधिकारी छात्रों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन छात्र कलेक्टर को बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। गुरुवार को सुबह 6:45 बजे एक बार फिर एकलव्य के विद्यार्थी सड़क पर उतर कर चक्का जाम कर दिए।एक महीने के भीतर छात्रों का यह तीसरा बड़ा सड़क आंदोलन है। इससे पहले भी विद्यालय की समस्याओं और प्रिंसिपल तथा छात्रावास अधीक्षिका को हटाने की मांग को लेकर छात्र आंदोलन कर चुके हैं। पिछले आंदोलन के दौरान छात्रों ने विद्यालय के कार्यक्रम में पहुंचे कटघोरा विधायक की गाड़ी के सामने बैठकर अपनी मांगें रखी थीं।इसके बाद कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर आदिवासी विभाग के सहायक आयुक्त ने पूरे मामले की जांच की थी।छात्रों का कहना है कि कई बार शिकायत और आंदोलन के बावजूद उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ। विद्यालय और छात्रावास में मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी छात्रों ने सवाल उठाए हैं। उनकी प्रमुख मांग प्रिंसिपल और छात्रावास अधीक्षिका को तत्काल हटाने की है।


