कोरबा जिले में 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित स्वतंत्रता दौड़ में शुक्रवार की सुबह शहरवासियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर यह दौड़ 14 अगस्त 2026 को प्रातः 8 बजे सीएसईबी फुटबॉल मैदान से शुरू हुई। दौड़ का मार्ग सीएसईबी फुटबॉल मैदान से प्रारंभ होकर सीएसईबी चौक से बाएं मुड़ते हुए टीपी नगर चौक होते हुए पुनः गायत्री मंदिर से वापस सीएसईबी फुटबॉल मैदान में समाप्त हुआ।
इस आयोजन में जिले के प्रबुद्धजन, समस्त विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, एनएस स्वयंसेवक, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी-खिलाड़ी, स्काउट-गाइड नेहरू युवा केंद्र के सदस्य और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। खेल अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों से सुबह 7 बजे तक मैदान में पहुंचने की अपील की थी। प्रतिभागियों ने तिरंगा हाथों में लेकर एकजुटता, सहिष्णुता और देशभक्ति का संदेश देते हुए दौड़ पूरी की। वहीं स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के लिए सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में हुई इस रिहर्सल में 15 अगस्त के कार्यक्रम की हर गतिविधि का समयबद्ध अभ्यास किया गया।मुख्य समारोह में विधायक अमर अग्रवाल ध्वजारोहण करेंगे और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश पढ़ेंगे। रिहर्सल के दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन ने परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथि के आगमन, स्वागत, ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और परेड निरीक्षण की प्रक्रिया को क्रमवार दोहराया गया। विभिन्न प्लाटूनों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। परेड के दौरान तीन राउंड हर्ष फायर भी किया गया। प्लाटून कमांडरों का परिचय और टुकड़ियों के निरीक्षण का भी अभ्यास हुआ।समापन पर खुले आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े जाने की गतिविधि का भी रिहर्सल हुआ, जो राष्ट्रीय भावना को दर्शाएगा। रिहर्सल के दौरान सीएसईबी मैदान हर्ष फायर की आवाज से गूंज उठा, जो आकर्षण का केंद्र रहा। प्रशासन ने कहा है कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मुख्य समारोह गरिमामय एवं भव्य रूप से मनाया जाएगा।

