दिव्य न्यूज़ 18:-बालोद छत्तीसगढ़ क्रेडा विभाग में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए संचालक एवं सीईओ राजेश सिंह राणा ने बालोद जिले में पदस्थ उप अभियंता कमल देवांगन को संचालन-संधारण कार्यों में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया। विभाग की इस सख्त कार्रवाई से पूरे अमले में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
जानकारी के अनुसार, क्रेडा सीईओ राजेश राणा अपने बालोद प्रवास के दौरान गुरुर ब्लॉक के कनेरी, तारी, सोहतरा और राजाराव पठार क्षेत्रों में स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों एवं सोलर पंपों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सोलर पंपों में लीकेज, पाइपलाइन की खराब स्थिति, उपकरणों की अनदेखी और रख-रखाव में गंभीर लापरवाही सामने आई। स्थानीय ग्रामीणों ने भी मौके पर पहुंचकर अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने बताया कि लंबे समय से सोलर पंप ठीक से काम नहीं कर रहे हैं, जिससे पेयजल और सिंचाई की समस्या बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। निरीक्षण के दौरान मिली खामियों और लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सीईओ ने मौके पर ही सख्त रुख अपनाया और जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद उप अभियंता कमल देवांगन को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।