दिव्या न्यूज़ :-कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र की बलगी कॉलोनी में अवैध शराब बिक्री और उससे जुड़ी आपराधिक गतिविधियों के विरोध में शनिवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आया। कॉलोनी के करीब 50 से 60 महिला-पुरुष एकजुट होकर SECL एरिया मैनेजर के निवास पहुंचे और अपनी समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि कॉलोनी और आसपास के इलाकों में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा है। शाम होते ही शराब के नशे में धुत लोग कॉलोनी में घूमते हैं, गाली-गलौज करते हैं, मारपीट करते हैं और महिलाओं से अभद्र व्यवहार करते हैं। इससे कॉलोनी में रहने वाले कर्मचारियों के परिवार, महिलाएं और बच्चे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।विज्ञापन,
स्थानीय निवासी संध्या सिंह ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने इस बार जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। प्रदर्शन के दौरान कॉलोनीवासियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, कोरबा के नाम ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई गंभीर घटना हो सकती है।महिलाओं ने अपनी मांगों में कॉलोनी के मुख्य प्रवेश द्वार, शराब भट्ठी के आसपास, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, शाम के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों की लगातार निगरानी रखने की मांग रखी।प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही महिलाओं ने कहा कि SECL प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि कॉलोनी में रहने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों को सुरक्षित माहौल मिले। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।मौके पर पहुंचे SECL अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों से उच्च प्रबंधन को अवगत कराया जाएगा। साथ ही पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय कर कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा|विज्ञापन,

