दिव्या न्यूज़ :-कोरबा के रजगामार पुलिस चौकी क्षेत्र में मछली पकड़ने गए एक व्यक्ति की पुलकदई नदी में डूबने से मौत हो गई। डूबते पिता को बचाने के लिए बेटे ने नदी में छलांग लगाकर उन्हें बाहर तो निकाल लिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले उनकी मौत हो गई।जानकारी के अनुसार श्यामनगर बस्ती निवासी 45 वर्षीय राजकुमार खैवार कारपेंटर का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार दोपहर करीब दो बजे वह जाल लेकर पुलकदई नदी में मछली पकड़ने गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई।
पिता की तलाश में निकले बेटे संदीप खैवार को नदी की ओर से आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर उसने देखा कि राजकुमार गहरे पानी में डूब रहे हैं। संदीप ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी और काफी मशक्कत के बाद पिता को बाहर निकाल लिया। उसने तत्काल प्राथमिक उपचार देने का प्रयास भी किया।करीब आधे घंटे बाद आसपास के लोगों की मदद से राजकुमार को बाइक से मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस ने अस्पताल मेमो के आधार पर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं स्थानीय लोगों ने पुलकदई नदी के किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।

