दिव्य न्यूज़ 18:-धमतरी में 24 अप्रैल 2026 तक अनोखी रील और फोटोग्राफी प्रतियोगिता हो रही है. जिसका आयोजन जिला प्रशासन की तरफ से किया जा रहा है.
धमतरी: जिले की प्राकृतिक सुंदरता, हरियाली से भरपूर वन क्षेत्र, शांत जलाशय और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने जिला प्रशासन की तरफ से आकर्षक रील एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है.
24 अप्रैल तक रील फोटोग्राफी प्रतियोगिता
धमतरी जिले के पर्यटन क्षेत्र/स्थल विषय पर आधारित यह प्रतियोगिता 17 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक आयोजित हो रही है. इस पहल के माध्यम से प्रशासन न केवल पर्यटन को बढ़ावा देना चाहता है, बल्कि युवाओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच भी उपलब्ध कराना चाहता है. प्रतियोगिता में जिले के युवा, फोटोग्राफी प्रेमी, सोशल मीडिया क्रिएटर्स, स्टूडेंट्स और आम लोग भाग ले सकते हैं.
किसकी बनानी होगी रील ?
प्रतिभागियों को धमतरी जिले के प्रसिद्ध, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक स्थलों जैसे गंगरेल बांध, रुद्री, सिहावा क्षेत्र के पर्वतीय दृश्य, घने जंगल, प्राकृतिक झरने, धार्मिक स्थल एवं ग्रामीण जीवन की झलक को अपनी रील या फोटोग्राफी के माध्यम से कैद कर प्रस्तुत करना होगा. इस प्रतियोगिता के जरिए उन अनदेखे और कम चर्चित स्थानों को भी सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है, जो अब तक मुख्यधारा के पर्यटन मानचित्र में अपनी जगह नहीं बना पाए हैं.
अपनी रील, फोटो और वीडियो इस नंबर पर व्हाट्सप्प करे |
प्रतिभागियों को अपनी रील, फोटो और वीडियो व्हाट्सएप नंबर +916268520889 पर निर्धारित अवधि के भीतर भेजनी होंगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रविष्टियां मौलिक होनी चाहिए और धमतरी जिले के किसी पर्यटन स्थल पर आधारित होनी चाहिए. साथ ही, रील या फोटो की गुणवत्ता, प्रस्तुति और स्थान की विशेषता को भी महत्व दिया जाएगा.
लाइक, शेयर और कमेंट दिलाएंगे इनाम
प्रतियोगिता की एक विशेष बात यह है कि इसमें विजेताओं का चयन पारंपरिक जजमेंट के बजाय सोशल मीडिया एंगेजमेंट के आधार पर किया जाएगा. जिस प्रतिभागी की फोटो या रील को सबसे ज्यादा लाइक, शेयर और कमेंट मिलेंगे, उसे विजेता घोषित किया जाएगा.
विजेताओं को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा, जिससे युवाओं में उत्साह और रचनात्मकता को और बढ़ावा मिलेगा. इसके अलावा, प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा को एक बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर भी प्राप्त होगा, जो उनके भविष्य के लिए उपयोगी साबित हो सकता है.
डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए पर्यटन को बढ़ावा
चयनित फोटो और रील को “Yuva Fest” के आधिकारिक इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म पर साझा किया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों को व्यापक पहचान मिल सकेगी. इससे न केवल स्थानीय कलाकारों और क्रिएटर्स को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से धमतरी की खूबसूरती देश-दुनिया तक पहुंचेगी. डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग कर पर्यटन को बढ़ावा देने की यह पहल आधुनिक समय के अनुरूप एक प्रभावी कदम मानी जा रही है

