विज्ञापन,,,,,
दिव्या न्यूज़ :-जांजगीर-चांपा। काले कागज पर केमिकल डालकर उसे असली भारतीय करेंसी में बदलने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को जांजगीर-चांपा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने नवागढ़ क्षेत्र के एक व्यक्ति से 50 हजार रुपए लेकर उसके बदले 2.50 लाख रुपए मूल्य का कथित “काला कागज” और केमिकल देने का झांसा दिया था। प्रार्थी को संदेह होने पर उसने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी, जिसके बाद तीनों मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलते ही सक्रिय हुई साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपी पकड़े
पुलिस के अनुसार नवागढ़ निवासी साहिल कुमार ने बताया कि करीब 10 दिन पहले उसके पिता के मोबाइल पर तेरस राम महिपाल नामक व्यक्ति का फोन आया था। उसने स्वयं को केमिकल एक्सपर्ट बताते हुए दावा किया कि उसके पास ऐसा काला कागज है, जिसे विशेष केमिकल की मदद से असली भारतीय नोट में बदला जा सकता है। आरोपी ने 50 हजार रुपए के बदले 2.50 लाख रुपए मूल्य का काला कागज और केमिकल देने की बात कही।आरोपी की बातों में आकर प्रार्थी 6 अगस्त को गोविंदा पुल के पास पहुंचा। वहां तेरस राम महिपाल के साथ शिव प्रसाद मनहर और रामरतन साहू भी मौजूद थे। तीनों ने प्रार्थी से कथित काले कागज और केमिकल के बदले 50 हजार रुपए नकद मांगे। बातचीत के दौरान प्रार्थी को ठगी का संदेह हुआ और उसने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी। पूछताछ होते ही तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद प्रार्थी ने नवागढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई।iपुलिस ने अपराध क्रमांक 246/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2) एवं 61(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में साइबर थाना जांजगीर एवं नवागढ़ पुलिस की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मास्टरमाइंड पहले भी नकली नोट के मामलों में रहा है आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में शिव प्रसाद मनहर को इस गिरोह का मास्टरमाइंड बताया गया है। वह पूर्व में जैजैपुर थाने में 24 लाख रुपए के नकली नोट तथा रायपुर के गंज थाने में 85 लाख रुपए के नकली नोट से जुड़े मामलों में चालान हो चुका है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई ठगी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है तीन मोबाइल समेत सामग्री जब्त पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सफेद प्लास्टिक डिब्बे में रखा सफेद केमिकल पाउडर, केमिकल लगा हुआ नोट जैसा दिखने वाला काले रंग का छह नग कागज तथा तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इनमें एक गुलाबी रंग का ओप्पो, एक रेडमी और एक रियलमी कंपनी का मोबाइल शामिल है।
सोशल मीडिया और कॉल के जरिए बनाते थे शिकार
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया और मोबाइल कॉल के माध्यम से लोगों से संपर्क करते थे। खुद को केमिकल एक्सपर्ट बताकर काले कागज को विशेष केमिकल से असली नोट में बदलने का झांसा देते और इसके बदले मोटी रकम मांगते थे। पुलिस गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में भी जांच कर रही है।पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, नवागढ़ थाना प्रभारी, साइबर थाना जांजगीर के निरीक्षक भास्कर शर्मा, सहायक उप निरीक्षक विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा, आरक्षक गिरीश कश्यप और प्रदीप दुबे का सराहनीय योगदान रहा।

