दिव्या न्यूज़ 18:-कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र के दर्री डेम में एक युवक की लाश मिलने की खबर सामने आई है| मृतक की पहचान 21 वर्षीय अर्जुन सिंह के रूप में हुई है, जो कि पिछले18 नवंबर से लापता था। मृतक बांगो थाना में पदस्थ आरक्षक धनंजय सिंह का पुत्र बताया जा रहा है।जानकारी के अनुसार अर्जुन सिंह पिता के साथ दर्री सीएसईबी कॉलोनी कैलाश विहार में रहता था। 18 नवंबर को वह कमला नेहरू महाविद्यालय जाने के लिए बाइक से घर से निकला था। वह अपने साथ मोबाइल और बाइक दोनों लेकर गया था। कॉलेज के बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, सोशल मीडिया पर गुमशुदगी का बैनर-पोस्टर भी वायरल करवाया गया था। परिजनों ने दर्री थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस पतासाजी कर रही थी।इसी बीच शनिवार सुबह दर्री डेम में नाव से घूम रहे मछुआरों की नजर पानी में तैरती शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना दर्री पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दर्री पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला गया।शव की पहचान के लिए बांगो में पदस्थ आरक्षक धनंजय सिंह को बुलाया गया, जिन्होंने शव देखकर अपने बेटे अर्जुन के रूप में पहचान की। शव 2-3 दिन पुराना बताया जा रहा है और पानी में रहने से फूल गया था।
युवक जिस बाइक और मोबाइल को लेकर निकला था, वह दोनों अभी तक बरामद नहीं हुए हैं। इससे मामला और संदिग्ध हो गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक डेम तक कैसे पहुंचा, क्या यह हादसा है, आत्महत्या या फिर हत्या।कोरबा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि दर्री डेम से युवक का शव बरामद हुआ है। मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मोबाइल और बाइक की पतासाजी की जा रही है। पीएम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल दर्री पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
