दिव्या न्यूज़ :-कोरबा के कटघोरा क्षेत्र में उफनती पतरापाली नहर में बाइक समेत गिरने से 58 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। अगले दिन शव बरामद होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।कोरबा जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच कटघोरा थाना क्षेत्र के पतरापाली नहर में बाइक समेत गिरने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। तेज पानी के बहाव में बह गया। शनिवार को शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 58 वर्षीय रामसिंह के रूप में हुई है, जो जेजरा बस्ती का निवासी था। बताया जा रहा है कि रामसिंह शुक्रवार शाम को किसी काम से बाइक लेकर घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। रात भर परिवार वाले परेशान रहे।शनिवार दोपहर परिजन और ग्रामीण रामसिंह को ढूंढने निकले। इसी दौरान पतरापाली नहर के किनारे उन्हें रामसिंह की बाइक पानी में गिरी हुई दिखाई दी। शक होने पर जब आसपास खोजबीन की गई तो नहर में रामसिंह का शव भी तैरता हुआ मिला। इसके बाद तुरंत इसकी सूचना डायल 112 और कटघोरा थाना पुलिस को दी गई। घटना की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। वहीं दूसरी ओर घर में रामसिंह के शव की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच और ग्रामीणों के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि शुक्रवार रात अंधेरे के कारण रामसिंह नाला पार करते समय फिसलकर बाइक समेत नहर में गिरने और तेज बहाव के कारण पानी में बहने से उसकी मौत हो गईलगातार बारिश के चलते क्षेत्र के सभी नदी-नाले उफान पर हैं। ग्रामीण रास्तों पर पानी भरा हुआ है और कई जगह आवागमन भी मुश्किल हो गया है। प्रशासन ने पहले ही लोगों से अपील की थी कि बारिश के समय नदी-नालों को पार करने में सावधानी बरतें। इस घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पतरापाली नहर और अन्य खतरनाक जगहों पर चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। फिलहाल पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।