दिव्या न्यूज़ 18 :-पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत उरगा पुलिस ने वाहन चोर गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक और चोरी की टाटा मैजिक का खुलासा हुआ है। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। आरोपी का सीएसईबी-मानिकपुर क्षेत्र में भी आपराधिक रिकॉर्ड मिला है।उरगा थाना क्षेत्र में वाहन चोरी के एक मामले में पहले करण भारद्वाज, निवासी नोनबिर्रा थाना करतला को गिरफ्तार कर चोरी गई टाटा मैजिक बरामद की जा चुकी थी। विवेचना के दौरान करण ने अपने साथी साहिल कुमार बागले का नाम बताया था। इसके बाद से साहिल फरार चल रहा था।
15 जुलाई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उरगा पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी साहिल कुमार बागले को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी करण भारद्वाज के साथ मिलकर कई वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।पूछताछ में साहिल ने एक और बड़ी जानकारी दी। उसने बताया कि उसने कोतवाली थाना क्षेत्र से भी एक टाटा मैजिक वाहन चोरी की थी। यह मामला थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 820/2025 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उक्त चोरी की टाटा मैजिक को भी बरामद कर जब्त कर लिया है। अब इस मामले में कोतवाली पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।इसके अलावा आरोपी के कब्जे से वाहन चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस को शक है कि इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं। फिलहाल पुलिस अन्य सदस्यों की तलाश और अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है


