दिव्य न्यूज़ 18:-भारत को कबड्डी वर्ल्ड कप और एशियन चैंपियनशिप में जीत दिलाने वाली छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी संजू देवी को राज्य सरकार ने 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया है। यह राज्य में पहली बार है जब किसी खिलाड़ी को इतनी बड़ी राशि दी गई है। नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने संजू को चेक सौंपा। इस मौके पर बिलासपुर के चिंगराजपारा कबड्डी क्लब को कबड्डी मैट भी प्रदान किया गया।संजू देवी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए पिछले साल बांग्लादेश में आयोजित कबड्डी वर्ल्ड कप में मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) का खिताब जीता था। फाइनल मुकाबले में भारत के कुल 35 अंकों में से 16 अंक अकेले संजू ने दिलाए थे। सेमीफाइनल समेत पूरे टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन ने टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।इसके अलावा उन्होंने ईरान में आयोजित एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए खिताब जीतने में अहम योगदान दिया। वे छत्तीसगढ़ की पहली महिला कबड्डी खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया।
कोरबा जिले के छोटे से गांव केराकछार की रहने वाली 23 वर्षीय संजू साधारण परिवार से आती हैं। वे बिलासपुर स्थित बहतराई आवासीय बालिका कबड्डी अकादमी में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को निखार रही हैं। कठिन परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से यह मुकाम हासिल किया।
कार्यक्रम में कहा गया कि संजू की उपलब्धियां न केवल राज्य का गौरव बढ़ाने वाली हैं, बल्कि युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत भी हैं। सरकार ने आश्वस्त किया कि राज्य में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
इस अवसर पर खेल विभाग के अधिकारी, कबड्डी संघ के पदाधिकारी, कोच और विभिन्न अकादमियों के खिलाड़ी भी मौजूद रहे।

