सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत आज कोरबा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बांकीमोंगरा और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने विद्युत तार चोरी के मामले में 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
प्रार्थी रंजीत पैकरा, सहायक अभियंता, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी कटघोरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि सिंघाली लोकहित क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने विद्युत पोल को क्षतिग्रस्त कर लगभग 3100 मीटर बिजली का तार चोरी कर लिया। इससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हुई और विभाग को लाखों का नुकसान हुआ। रिपोर्ट पर थाना बांकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 108/2026 धारा 303(2), 324(4), 317(2), 3(5) बीएनएस, विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 136-1(ए), 140, 137 और लोक संपत्ति नुकसानी निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया।वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की गई। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में मनोज कुमार साहू उर्फ मोनू, कबाड़ी दुकान संचालक, राजीवनगर कटघोरा, विजयपाल कंवर, अमरपुर सिंघाली, शेखर सिंह अगरिया, सिंघाली बस्ती, अनुप कुमार चौहान, सिंघाली बस्ती और मोहनलाल रोहिदास, जवाली बांकीमोंगरा शामिल हैं।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया विद्युत तार, खंभों में लगे लोहे के उपकरण/चैनल, घटना में प्रयुक्त एक साइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। मनोज साहू चोरी का माल खरीदकर आगे बेचने का काम करता था।सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल कोरबा भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई से विद्युत संपत्ति चोरी करने वाले गिरोह पर करारा प्रहार हुआ है। बता जा रहा है कि चोरों की इन हरकतों से ग्रामीण परेशान थे, जहां विद्युत व्यवस्था बार-बार बंद हो जा रही थी।कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़ी विद्युत संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत अपराध नियंत्रण और जन सुरक्षा के लिए पुलिस लगातार प्रतिबद्ध है।