विज्ञापन,,,,,,
दिव्या न्यूज़ :-सोमवार से हो रही लगातार बारिश से हसदेव नदी उफान पर है। इसी बीच देवपहरी जलप्रपात में तीन युवक पानी से घिरे टापू पर फंस गए हैं। तीनों ने बीच में बनी छतरी में शरण ली है और रेस्क्यू टीम से वीडियो कॉल के जरिए संपर्क में हैं। अंधेरा और तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी आ रही है।फोटो खींचने पहुंचे थे, अचानक बढ़ा पानी
फंसे युवकों की पहचान धनेश्वर सारथी, घनश्याम महंत और सूरज सारथी के रूप में हुई है। तीनों गुरमा श्यांग के रहने वाले हैं। बताया गया कि तीनों दोस्त सतरेंगा घूमने गए थे। वहां फोटो खींचने के बाद मौसम को देखते हुए देवपहरी जलप्रपात पहुंचे थे। जलप्रपात में फोटो खींचने के बाद जैसे ही वे वहां से निकलने वाले थे, अचानक पानी का बहाव बढ़ गया। इसके चलते तीनों पानी के बीच बने टापू पर फंस गए। फिलहाल तीनों ने वहां बनी छतरी में शरण ले रखी है।रेस्क्यू टीम ने वीडियो कॉल के जरिए युवकों से संपर्क किया। बातचीत के दौरान युवकों ने बताया कि चारों तरफ अंधेरा है और कोई रोशनी नजर नहीं आ रही। टॉर्च की रोशनी से ही आसपास थोड़ा दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि वे पानी के बीच फंसे हुए हैं। रेस्क्यू टीम के हेड जितेन सारथी ने वीडियो कॉल पर युवकों को ढांढस बंधाते हुए घबराने से मना किया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच रही है। टीम ने युवकों से पूछा कि उनके पास गर्म कपड़े हैं या नहीं। इस पर उन्होंने बताया कि वे सिर्फ रेनकोट पहने हुए हैं। रेस्क्यू टीम ने उन्हें सलाह दी कि यदि पानी का बहाव और बढ़े तो खुद को खंभे से बांधकर सुरक्षित रखें और हिम्मत बनाए रखें।टॉर्च की रोशनी से लोकेशन ट्रेस
रेस्क्यू टीम टॉर्च की रोशनी और वीडियो कॉल के जरिए युवकों की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। हालांकि तेज बहाव, लगातार बारिश के कारण मौके तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही लेमरू और घटकेसर थाना पुलिस को मौके के लिए रवाना किया गया है। साथ ही एसडीआरएफ की टीम भी रेस्क्यू के लिए कार्रवाई कर रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बारिश के दौरान जलप्रपात, नदी और नालों के पास जाने से बचें, क्योंकि जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। फिलहाल तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम लगातार प्रयास कर रही है।

