दिव्या न्यूज़ :-पुराने बस स्टैंड के पास स्थित रानी धनराज कुंवर अस्पताल में सोमवार को बाथरूम में मानव भ्रूण मिलने से हड़कंप मच गया। अस्पताल कर्मचारियों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
सफाई कर्मी पी. चिना ने बताया कि सोमवार सुबह वह अस्पताल के बाथरूम की सफाई करने पहुंचा था। वहां तेज बदबू आ रही थी। अंदर जाकर देखने पर उसे भ्रूण पड़ा मिला। उसने तत्काल इसकी जानकारी सुपरवाइजर पवन कुमार साहू को दी।
चिना के मुताबिक, सुपरवाइजर ने उसे भ्रूण को पन्नी में पैक कर छत पर रखने के लिए कहा। उसका कहना है कि उसे यह जानकारी नहीं दी गई कि मामला पुलिस से जुड़ा है और भ्रूण को इस तरह हटाना उचित नहीं है। इसके बाद उसने सुपरवाइजर के कहने पर भ्रूण को पन्नी में पैक कर अस्पताल की छत पर रख दिया।मामले की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम किया गया है। भ्रूण का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इसके साथ ही ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। एफएसएल टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि भ्रूण अस्पताल के बाथरूम में कब और कैसे पहुंचा। इसे अस्पताल में ही छोड़ा गया था या बाहर से लाकर फेंका गया, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस अवैध गर्भपात समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

