दिव्य न्यूज़ 18:-नेपाल सरकार ने भारतीय नंबर प्लेट वाले वाहनों के लिए नए, सख्त नियम लागू किए हैं। अब नेपाल में प्रवेश से पहले भंसार अनुमति और दैनिक शुल्क अनिवार्य है। दोपहिया के लिए ₹100, तीनपहिया के लिए ₹400 और चारपहिया के लिए ₹600 प्रतिदिन शुल्क है।
नेपाल सरकार ने भारतीय नंबर प्लेट वाले वाहनों के संचालन (Indian Vehicle Rules In Nepal) को लेकर अपने कानूनी नियमों को और अधिक कड़ा कर दिया है।
सीमा पार से नेपाल जाने वाले पर्यटकों और व्यापारियों के लिए अब यातायात नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा, अन्यथा उन्हें भारी जुर्माने और वाहन ज़ब्त होने जैसी कठोर कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
भंसार (कस्टम) अनुमति जरूरी
नेपाल सरकार द्वारा लागू भंसार (कस्टम) महाशुल्क ऐन 2071 के तहत, अब किसी भी भारतीय सवारी साधन को नेपाल की सीमा में प्रवेश करने से पहले आधिकारिक भंसार अनुमति लेना अनिवार्य है।
यह नियम स्पष्ट करता है कि बिना वैध अनुमति के नेपाल की सड़कों पर भारतीय वाहन चलाना गैर-कानूनी माना जाएगा। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में न केवल आर्थिक दंड लगाया जाएगा, बल्कि वाहन को स्थायी रूप से जब्त भी किया जा सकता है।
निर्धारित दैनिक शुल्क की दरें
नेपाल में प्रवेश करने वाले वाहनों के लिए उपयोग के आधार पर दैनिक शुल्क श्रेणियों में विभाजित किया गया है, जो इस प्रकार हैं:
- दोपहिया वाहन (बाइक या स्कूटर): 100 रुपये प्रतिदिन।
- तीन पहिया वाहन: 400 रुपये प्रतिदिन।
- चार पहिया वाहन (कार, जीप, वैन): 600 रुपये प्रतिदिन।
यह शुल्क भंसार कार्यालय पर जमा करना होता है, जिसके बाद ही वाहन को नेपाल में प्रवेश की अनुमति मिलती है।
30 दिनों की अधिकतम समय सीमा तय
आपको बता दें कि नए नियमों का सबसे महत्वपूर्ण पहलू वाहनों के रुकने की अवधि से संबंधित है। भंसार शुल्क चुकाने के बावजूद, कोई भी विदेशी वाहन एक आर्थिक वर्ष में अधिकतम 30 दिनों तक ही नेपाल में चलाया जा सकता है।
30 दिनों की अवधि चाहे लगातार हो या अलग-अलग समय अंतराल (टुकड़ों) में, कुल मिलाकर 30 दिन से अधिक नहीं होनी चाहिए।
समय सीमा उल्लंघन पर भारी जुर्माना
यदि कोई वाहन निर्धारित 30 दिनों की समय सीमा समाप्त होने के बाद भी नेपाल की सीमा के भीतर पाया जाता है, तो उस पर प्रतिदिन के आधार पर अतिरिक्त विलंब शुल्क (Fine) लगाया जाएगा।
- बाइक और स्कूटर: 2000 रुपये प्रति दिन अतिरिक्त।
- अन्य वाहन (कार, जीप आदि): 2500 रुपये प्रति दिन अतिरिक्त।
