विज्ञापन,,,,,
दिव्या न्यूज़ :-शहर के घंटाघर-बुधवारी मार्ग स्थित पावर हाइट्स कॉलोनी में बीती रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया। चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे व अलमारी खंगालकर सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।पावर हाइट्स कॉलोनी के मून ब्लॉक में रहने वाले विशाल गुप्ता के मकान में यह चोरी हुई है। विशाल गुप्ता बालको प्लांट में नियोजित ठेका कंपनी में अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार रात उनके रिश्तेदार के निधन की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे रात में अपने मकान में ताला लगाकर रवाना हो गए थे। वे वर्तमान में किराए के दूसरे मकान में रह रहे हैं। उनके जाते ही कुछ घंटों के भीतर चोरों ने इस सूने मकान को निशाना बना लिया।चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पूरे कमरे व अलमारी की तलाशी लेकर कीमती सामान चोरी कर लिया। इतना ही नहीं चोरों ने दूसरे मकान की खिड़की से भी घुसने का प्रयास किया। मकान मालिक के आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि कितने की चोरी हुई है और क्या-क्या समान गया है।सुबह घटना की जानकारी मानिकपुर चौकी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान कॉलोनी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब मिले। एक परिसर में 56 मकान हैं, बावजूद इसके सुरक्षा व्यवस्था लचर पाई गई। इस पर पुलिस ने कॉलोनी समिति को फटकार लगाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
मानिकपुर चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा। वहीं कॉलोनीवासियों ने सुरक्षा बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरे तत्काल ठीक कराने की मांग की है।

