दिव्य न्यूज़ 18:- डोगरगांव ग्राम करेठी के प्रज्ञा महिला स्व-सहायता समूह से 8 लाख 85 हजार रुपए के गबन के मामले में डोंगरगांव पुलिस ने समूह की अध्यक्ष को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अध्यक्ष ने समूह की अन्य सदस्यों को बिना जानकारी दिए बैंक से लोन उठाकर पूरी रकम निजी उपयोग में खर्च कर दी।
करेठी निवासी गणेशिया बाई बघेल (60) प्रज्ञा महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष थी। आरोप है कि उसने 9 जनवरी 2024 को समूह के नाम पर 8 लाख 85 हजार रुपए का लोन लिया, लेकिन यह राशि समूह के खाते में जमा नहीं की गई और न ही सदस्यों को इसकी जानकारी दी गई। बाद में इस रकम का उपयोग निजी खर्चों में कर लिया गया। इस मामले में समूह की सदस्य पेमिन साहू ने 2 जनवरी 2026 को डोंगरगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि अध्यक्ष ने समूह के नाम पर लोन लेकर रकम का हिसाब नहीं दिया और सदस्यों को इसकी जानकारी भी नहीं दी।
कोर्ट तय करेगा की जिम्मेदारी किसकी है आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने लोन की रकम से घर की मरम्मत कराई, टीवी, फ्रिज और कूलर खरीदे, वहीं कुछ राशि शेयर मार्केट में निवेश कर दी। कानूनी विशेषज्ञ हाईकोर्ट एडवोकेट अभय तिवारी के अनुसार यदि महिला समूह की सदस्यों ने लोन से संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए होंगे तो उन्हें भी न्यायालय में बतौर पक्ष बनाया जा सकता है। कथित स्वीकारोक्ति बयान को अक्सर आरोपी अदालत में स्वीकार नहीं करता। न्यायालय सुनवाई के बाद ही यह तय करेगा कि जिम्मेदार कौन है।

