दिव्य न्यूज़ 18:-ग्रामीणों की भीड़ तालाब किनारे देखने उमड़ी
-
वन विभाग की टीम ने सावधानी से किया रेस्क्यू
- घटना के बाद तालाब जाने से डर रहे ग्रामीण
बिलासपुर: रतनपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय हलचल मच गई जब आठा बीसा तालाब में मछली पकड़ने पहुंचे मछुआरों के जाल में कुछ असामान्य फंस गया। शुरुआत में मछुआरों को लगा कि जाल में कोई बड़ी मछली फंस गई है, लेकिन जैसे-जैसे जाल बाहर निकाला गया, वहां मौजूद लोग हैरान रह गये

मछली समझकर खींचा जाल
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह कुछ मछुआरे रतनपुर के आठा बीसा तालाब पहुंचे थे। उन्होंने तालाब में मछली पकड़ने के लिए जाल डाला। कुछ समय बाद जब जाल को खींचा गया तो उसमें भारी वजन महसूस हुआ। मछुआरों को लगा कि बड़ी मछली फंस गई है। यह सोचकर वे उत्साहित हो गए और सभी मिलकर जाल खींचने लगे।
तालाब किनारे जुटी लोगों की भीड़
जाल बाहर निकलते समय आसपास मौजूद लोग भी उत्सुकता से देखने लगे। कुछ ही देर में यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के किनारे पहुंच गए। मौके पर भीड़ बढ़ने लगी और लोग जाल में फंसे जीव को देखने के लिए उत्सुक नजर आए।
स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू की तैयारी शुरू की।
आखिर में सामने आया सच
जब जाल पूरी तरह बाहर निकाला गया तो पता चला कि उसमें मछली नहीं बल्कि करीब सात से आठ फीट लंबा मगरमच्छ फंसा हुआ था। यह दृश्य देखकर मछुआरों और वहां मौजूद ग्रामीणों के होश उड़ गए। वन विभाग की टीम ने सावधानी से मगरमच्छ को जाल से बाहर निकाला और अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर ले गई।




