दिव्य न्यूज़ 18:-एक अप्रैल को चोटिया में घर में घुसने की कोशिश कर रहे युवक को लोगों ने पीट दिया। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। युवक मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है। पुलिस ने कानून हाथ में न लेने की अपील की।कोरबा जिले के चोटिया क्षेत्र में एक युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। एक अप्रैल को देर रात एक संदिग्ध युवक चोरी-छिपे एक घर में घुसने की कोशिश कर रहा था। घर के सदस्यों की अचानक नींद खुलने पर उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना के दौरान युवक ने वहां से भागने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उससे पूछताछ करने के साथ-साथ उसकी पिटाई भी कर दी। ग्रामीणों ने बच्चा चोर की अफवाहों को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस को जानकारी मिली कि युवक मानसिक रूप से परेशान है, जिसके चलते यह घटना हुई। मारपीट की घटना में युवक को चोटें आई हैं।डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को अपने कब्जे में लिया और उससे पूछताछ शुरू की। दो अप्रैल को पुलिस ने युवक के परिजनों को बुलाकर आगे की कार्रवाई की। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कानून को अपने हाथ में न लेने और अफवाहों से बचने की सलाह भी दी गई है।