दिव्य न्यूज़ 18:-मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में गूगल फॉर एजुकेशन इंडिया के प्रतिनिधियों ने मुलाकात कर इस पहल की रूपरेखा साझा की। इस दौरान बताया गया कि रायपुर जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इस अभियान की शुरुआत की जा रही है, जिसे आगे पूरे राज्य में लागू किया जाएगा।योजना के तहत 2 लाख से अधिक शिक्षकों को AI आधारित शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण और प्रमाणन दिया जाएगा। शुरुआती चरण में 200 शिक्षकों के लिए विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें गूगल के डिजिटल टूल्स का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाना है।कार्यक्रम के जरिए शिक्षकों को नई तकनीकों से जोड़कर छात्रों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा। इसके लिए गूगल फॉर एजुकेशन अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म को नि:शुल्क उपलब्ध कराएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और तकनीक-सक्षम बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। AI जैसी उन्नत तकनीकों को शिक्षा से जोड़ना विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगा और उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और डिजिटल इंडिया के विजन के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था विकसित करना है।

