दिव्य न्यूज़ 18:-देश में रसोई गैस (LPG) की आपूर्ति में आ रही बाधा का असर अब शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचने लगा है। रायपुर स्थित निजी विश्वविद्यालय Kalinga University ने एक नोटिस जारी कर हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को संभावित गैस संकट के चलते घर लौटने के लिए मानसिक रूप से तैयार रहने को कहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यदि गैस आपूर्ति पूरी तरह बाधित होती है तो हॉस्टल की मेस सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
विश्वविद्यालय द्वारा 14 मार्च को जारी नोटिस में बताया गया है कि देश के कई हिस्सों में LPG आपूर्ति बाधित होने के कारण हॉस्टल मेस में निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने में कठिनाई आ रही है। प्रशासन के अनुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैस आपूर्ति में व्यवधान के चलते केंद्र सरकार ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत LPG और प्राकृतिक गैस की आपूर्ति को विनियमित करते हुए घरेलू उपभोग को प्राथमिकता दी है। इसके कारण व्यावसायिक संस्थानों, हॉस्टलों और होटलों को मिलने वाले गैस सिलेंडरों की उपलब्धता कम हो गई है।
नोटिस में कहा गया है कि यदि स्थिति और बिगड़ती है तथा गैस आपूर्ति पूरी तरह रुक जाती है, तो हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को अपने-अपने घर वापस लौटना पड़ सकता है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से इस अस्थायी व्यवस्था में सहयोग करने की अपील भी की है।
Must Read




