सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर गलेहरा नहर कोठी में उमड़ा जनसैलाब — पर्यटन स्थल विकसित कर पटेल की प्रतिमा स्थापित करने की उठी मांग

Must Read

उत्तर प्रदेश/फतेहपुर :- रिपोर्टर- शिवकुमार सिंह
भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर धाता नगर पंचायत के गलेहरा नहर कोठी परिसर में रविवार को विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, किसान नेता और विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में सरदार पटेल के जीवन, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान और राष्ट्रीय एकता के संदेश पर विस्तृत चर्चा हुई।

गुजरात से आए चिराज पटेल ने कहा कि “सरदार पटेल ने देश की 550 से अधिक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर आधुनिक भारत की नींव रखी। किसानों के हक की लड़ाई में वे हमेशा अग्रणी रहे। गांधीजी ने उन्हें ‘लौह पुरुष’ की उपाधि देकर उनके अदम्य साहस को सम्मानित किया।”

समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष राम करन निर्मल ने कहा कि सरदार पटेल की नीतियों ने स्वतंत्र भारत को एकता और अखंडता की दिशा दी। वहीं भाजपा के पूर्व विधायक करन सिंह पटेल ने कहा कि “आज भारत को आगे ले जाने के लिए हमें सरदार पटेल की एकता और समरसता के संदेश को अपनाने की जरूरत है।”

कार्यक्रम के दौरान किसान नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य नरसिंह पटेल ने घोषणा की कि आगामी वर्षों में भी इस स्थान पर सरदार पटेल की जयंती मनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि स्थानीय जनता के सहयोग से अगले वर्ष गलेहरा नहर कोठी परिसर में सरदार पटेल की एक विशाल प्रतिमा स्थापित की जाएगी, और इस परिसर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

कार्यक्रम में फतेहपुर सांसद नरेश उत्तम पटेल, अखिल भारतीय कुर्मी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सांसद बालकुमार पटेल, नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज, पूर्व आईपीएस राजू बाबू व हर्षवर्धन सिंह, पूर्व विधायक वीर सिंह व करन सिंह पटेल, पटेल सेवा संस्थान के अध्यक्ष के.पी. सिंह, पूर्व सपा प्रत्याशी रामतीर्थ परमहंस, सिद्धार्थ पटेल, संगीता सरोज, राकेश वर्मा, लाल देवेंद्र सिंह, सुनील उमराव, सतेंद्र प्रखर, शुभम पटेल और योगेन्द्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक व ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी वक्ताओं ने देश में एकता, भाईचारा और समरसता बनाए रखने का संकल्प दोहराया तथा सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

Latest News

रोजाना एक खुबानी का सेवन करने से मिल सकते हैं ये फायदे

खुबानी एक ऐसा फल है, जो स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है। इसमें विटामिन्स, खनिज...

More Articles Like This